उत्तराखंड चारधाम में उमड़ रहा आस्था का सैलाब, अभी तक 4 लाख से ज्यादा श्रद्धालु कर चुके दर्शन

विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 पूरे आस्था और उत्साह के साथ चल रही है. 19 अप्रैल को यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही चारों धाम में देश-विदेश से श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है. अभी तक 4 लाख 7 हजार से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं. वहीं, एक हफ्ते के भीतर बाबा केदार के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 2,07,452 तक पहुंच गई हैं.
यमुनोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या: यमुनोत्री धाम में आज यानी 28 अप्रैल को 6,812 श्रद्धालुओं ने यमुनोत्री पहुंचकर मां यमुना के दर्शन किए. जिसमें 3,438 पुरुष, 3,033 महिला और 341 बच्चे शामिल रहे. इस तरह से अभी तक यमुनोत्री धाम में 57,704 श्रद्धालु दर्शन कर मां यमुना का आशीर्वाद ले चुके हैं.
गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या: गंगोत्री धाम में आज यानी 28 अप्रैल को 7.110 श्रद्धालुओं ने मां गंगा के दर हाजिरी लगाई. जिसमें 3,757 पुरुष, 3,145 महिला और 208 बच्चे शामिल रहे. ऐसे में अभी तक 57,863 श्रद्धालु गंगोत्री धाम में मां गंगा के दर्शन कर चुके हैं. इस तरह से अभी तक दोनों धाम यमुनोत्री और गंगोत्री धाम में 1,15,567 श्रद्धालु पहुंच चुके हैं.
केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या: केदारनाथ धाम में आज यानी 28 अप्रैल को 21,134 श्रद्धालु हिमालय के गोद में बसे केदारनाथ धाम पहुंचे. जिसमें 13,422 पुरुष, 7,640 महिला और 72 बच्चों ने बाबा केदार के दर्शन किए. इस तरह से अभी तक 2,07,452 श्रद्धालु बाबा केदार के दर पर हाजिरी लगा चुके हैं.
बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या: बदरीनाथ धाम आज यानी 28 अप्रैल 15898 श्रद्धालुओं ने बदरी विशाल के दर्शन किए. जिसमें 9,050 पुरुष, 6,014 महिला और 834 बच्चे शामिल रहे. इस तरह से अभी तक बदरीनाथ धाम में 84,942 श्रद्धालु मत्था टेक चुके हैं. वहीं, चारधाम की बात करें तो अभी तक 4,07,961 श्रद्धालु दर्शन कर पुण्य के भागी बन चुके हैं.
केदारनाथ में व्यवस्थाओं से यात्री खुश: केदारनाथ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रुद्रप्रयाग डीएम विशाल मिश्रा खुद व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं. पैदल मार्ग से लेकर केदारनाथ धाम क्षेत्र तक भोजन, पेयजल, आवास और सुरक्षा समेत सभी व्यवस्थाओं पर प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है.




