प्रदेश

वित्त सचिव रणवीर सिंह चौहान से मिला राज्य निगम कर्मचारी महासंघ, कर्मचारियों के हितों पर हुई सकारात्मक चर्चा

राज्य निगम कर्मचारी महासंघ, उत्तराखण्ड के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रकाश राणाकोटी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड के वित्त सचिव रणवीर सिंह चौहान से सचिवालय स्थित उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने वित्त सचिव को पदभार ग्रहण करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए पुष्पगुच्छ भेंट किया और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

बैठक के दौरान महासंघ के पदाधिकारियों ने प्रदेश के विभिन्न निगमों में कार्यरत कर्मचारियों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी संक्षिप्त चर्चा की। महासंघ ने विश्वास व्यक्त किया कि वित्त सचिव के नेतृत्व में कर्मचारियों से संबंधित वित्तीय एवं प्रशासनिक मामलों का समयबद्ध और सकारात्मक समाधान सुनिश्चित होगा। साथ ही राज्य के विकास तथा निगमों की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहयोग का भरोसा भी जताया।

इस अवसर पर वित्त सचिव रणवीर सिंह चौहान ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों के हितों के प्रति संवेदनशील है और नियमों व वित्तीय प्रावधानों के अनुरूप सभी आवश्यक विषयों पर सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाया जाएगा। उन्होंने कर्मचारियों से निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए राज्य के विकास में सक्रिय योगदान देने की अपेक्षा भी व्यक्त की।

प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महामंत्री नन्दलाल जोशी, अजयकान्त, इं. जयपाल सिंह चौहान, बुद्धि सिंह रावत, सुनील पुण्डीर, दलीप रावत, विमल भण्डारी, ललित शर्मा सहित महासंघ के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। शिष्टाचार भेंट सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।




Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button