PM मोदी ने किया काशी विश्वनाथ दर्शन, लहराया त्रिशूल; बटुकों का शंखनाद, रोडशो में पुष्पवर्षा

PM नरेंद्र मोदी ने बुधवार सुबह श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में पूजन किया. 108 बटुकों ने शंखनाथ कर मंत्रोच्चार के साथ PM का स्वागत किया. विधिवत दर्शन के बाद मंदिर से बाहर निकलने पर प्रधानमंत्री ने त्रिशूल लहराया और हाथ उठाकर आम जन का अभिवादन स्वीकार किया.
PM मोदी ने सर्वार्थ सिद्धि योग में बाबा विश्वनाथ का दर्शन किया. दर्शन-पूजन से पहले रोड शो के दौरान 3 किलोमीटर एरिया में पुलिस-प्रशासन द्वारा पहले से ही चेकिंग सुनिश्चित की थी. काशी में पीएम मोदी ने लगभग 14 किलोमीटर की रैली निकाली. इसके बाद मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे.
वाराणसी के सांसद और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर प्रांगण में पहुंचे तो उनका स्वागत बटुकों ने शंखनाद से किया. सभी ने मंत्रोच्चारण भी किया. अन्य बटुकों ने डमरू बजाकर स्वागत किया. इस दौरान पूरा परिसर भक्तिमय हो गया था. इसके बाद प्रधानमंत्री गर्भगृह में गए. उन्होंने विधि-विधान से बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन-पूजन किए.
इस दौरान पुजारियों ने उन्हें पीतवस्त्र भेंट किया. पीएम ने बाकायदा बाबा का अभिषेक किया, मंत्रोच्चार के बीच आरती की और महादेव का आशीर्वाद लिया. वहीं, प्रांगण में ही भारतीय जनता पार्टी के विधायकों और पदाधिकारियों ने पीएम का स्वागत त्रिशूल-डमरू देकर किया.
बाबा विश्वनाथ की पूजा करने के बाद जब प्रधानमंत्री मोदी वापस मंदिर परिसर में आए तो लोग वहां पर पहले से मौजूद थे. इस दौरान उन्होंने हाथ हिलाकर सभी का अभिवान स्वीकार किया.
लोग ‘जय श्री राम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे लगा रहे थे. प्रधानमंत्री ने परिसर में कुछ छोटे बच्चों से भी प्यार-दुलार किया. थोड़ी देर रुककर उनसे बात की और फिर वापस बाहर के लिए निकल आए. लोगों ने एक स्वर में जयकारा लगाया, ‘ॐ नमः पार्वती पतये, हर-हर महादेव!’

